अप्रतिम कविताएँ
एक अदद तारा मिल जाये
एक अदद तारा मिल जाये
तो इस नीम अँधेरे में भी
तुमको लम्बा ख़त लिख डालूँ।

छोटे ख़त में आ न सकेंगी
पीड़ा की पर्वतमालाएँ
और छटपटाहट की नदियाँ।
पता नहीं क्या वक़्त हुआ है,
सिर्फ़ भाप है कलाइयों पर,
बारिश में भीगीं यूँ घड़ियाँ।

एक अदद माचिस मिल जाये
तो मैं बुझी काँगड़ी से भी
कुछ नीले अंगार उठा लूँ।

लिख डालूँ तड़के दरवाज़े,
बंद ड्योढ़ियाँ, घुप बरामदे,
लहूलुहान हुई तहज़ीबें।
लिख दूँ सतही तहक़ीक़ातें,
चतुर दिलासे, झूठे ढाढस,
उलझाने वाली तरक़ीबें।

एक अदद पारस मिल जाये
तो इन लौह पलों को भी मैं
कंचन की आभा में ढालूँ।

मत पूछो यह दुनिया क्या है
कोई साही खड़ी हुई हो
ज्यों अपने काँटे फैलाये।
है हर रंज ताड़ से ऊँचा,
हर तकलीफ़ कुएँ से गहरी,
कोई कैसे स्वप्न बचाये?

एक अदद माँदल मिल जाये
तो मैं शूलों के सम्मुख भी
फूलों की पीड़ाएँ गा लूँ।

महज़ कमीज़ों से क्या होगा,
हम मनुष्यता भी तो पहनें,
धारण करें बड़प्पन भी तो।
मन-मयूर नाचेगा हर पल
और पपीहा भी हुलसेगा,
आसमान में हों घन भी तो।

एक अदद मधुऋतु मिल जाये
तो बेरंग अहातों में भी
सतरंगी तितलियाँ बुला लूँ।

आकर निंदियायी टहनी पर
हुदहुद का चुपचाप बैठना
ठकठक की शुरुआत तो नहीं।
नीरस-सी मुस्कानों वाले
ये निढाल-से चेहरे हैं जो,
पतझर वाले पात तो नहीं?

एक अदद आँधी मिल जाये
तो मैं उड़े चँदोवों में भी
उत्सव के उद्गार सजा लूँ।
- सत्येन्द्र कुमार रघुवंशी
नीम = आधा; साही = porcupine; माँदल = ढोलक; हुदहुद = एक पक्षी
विषय:
आशा विश्वास (18)

काव्यालय को प्राप्त: 20 Sep 2023. काव्यालय पर प्रकाशित: 19 Apr 2024

***
सहयोग दें
विज्ञापनों के विकर्षण से मुक्त, काव्य के सुकून का शान्तिदायक घर... काव्यालय ऐसा बना रहे, इसके लिए सहयोग दे।

₹ 500
₹ 250
अन्य राशि
इस महीने :
'युद्ध की विभीषिका'
गजेन्द्र सिंह


युद्ध अगर अनिवार्य है सोचो समरांगण का क्या होगा?
ऐसे ही चलता रहा समर तो नई फसल का क्या होगा?

हर ओर धुएँ के बादल हैं, हर ओर आग ये फैली है।
बचपन की आँखें भयाक्रान्त, खण्डहर घर, धरती मैली है।
छाया नभ में काला पतझड़, खो गया कहाँ नीला मंजर?
झरनों का गाना था कल तक, पर आज मौत की रैली है।

किलकारी भरते ..

पूरी प्रस्तुति यहाँ पढें और सुनें...
इस महीने :
'नव ऊर्जा राग'
भावना सक्सैना


ना अब तलवारें, ना ढाल की बात है,
युद्ध स्मार्ट है, तकनीक की सौगात है।
ड्रोन गगन में, सिग्नल ज़मीन पर,
साइबर कमांड है अब सबसे ऊपर।

सुनो जवानों! ये डिजिटल रण है,
मस्तिष्क और मशीन का यह संगम है।
कोड हथियार है और डेटा ... ..

पूरी प्रस्तुति यहाँ पढें और सुनें...
इस महीने :
'दरवाजे में बचा वन'
गजेन्द्र सिंह


भीगा बारिश में दरवाजा चौखट से कुछ झूल गया है।
कभी पेड़ था, ये दरवाजा सत्य ये शायद भूल गया है।

नये-नये पद चिन्ह नापता खड़ा हुआ है सहमा-सहमा।
कभी बना था पेड़ सुहाना धूप-छाँव पा लमहा-लमहा।
चौखट में अब जड़ा हुआ है एक जगह पर खड़ा हुआ है,
कभी ठिकाना था विहगों का आज ...

..

पूरी प्रस्तुति यहाँ पढें और सुनें...
संग्रह से कोई भी रचना | काव्य विभाग: शिलाधार युगवाणी नव-कुसुम काव्य-सेतु | प्रतिध्वनि | काव्य लेख
सम्पर्क करें | हमारा परिचय
सहयोग दें

a  MANASKRITI  website